पंजाब के स्वास्थ्य विभाग का कारनामा

आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर के वेतन में खेल

चंडीगढ़

पंजाब के स्वास्थ्य विभाग में नियुक्तहुए 64 आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर को सरकार ने जोर का झटका दिया है। नियुक्तिपत्रों में इन्हें ऊंचा स्केल दिया गया था, लेकिन बाद में विभाग ने वेतन सीधा 5,000 रुपए कम कर दिया। बीते सप्ताह स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी ने इन्हें नियुक्तिपत्र सौंपे हैं। इनमें नौकरी के अन्य नियमों के साथ-साथ वेतनमान भी स्पष्ट किया गया था। यह 15,300-34,800 और 5,800 ग्रेड पे के तौर पर अंकित था। हालांकि, डॉक्टर्स का वेतनमान यह नहीं है। इस सरप्राइज पर डॉक्टर खुश थे। नियुक्तिपत्र देने के बाद अधिकारियों और संबंधित ब्रांच के मुलाजिमों को इस बड़ी गलती का पता चला। बेसिक पे में 5,000 रुपए की वृद्धि का मतलब इन हैंड सैलरी में कई हजार की वृद्धि होना था। ऐसे में तत्काल नियुक्तिपत्रों की गलती सुधारते हुए एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने उक्त पत्र में स्पष्ट किया है कि आयुर्वेदिक डॉक्टरों का वेतनमान 15,300-34,800 व 5,800 ग्रेड पे की बजाय 10,300-34,800 व 5,800 ग्रेड पे रहेगा। विभाग डॉक्टरों के नियुक्ति पत्र दोबारा देने पर भी विचार कर रहा है ताकि भविष्य में कोई कानूनी पचड़ा पैदा न हो।

Advertisement