अब यहां आयुर्वेदिक दवाएं भी सस्ती मिलेंगी 

भोपाल। देश में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए नई कवायद शुरू की गई है। अब जल्द ही देशभर के लगभग तीन हजार एलोपैथिक जन-औषधि केन्द्रों पर आयुर्वेद की जेनरिक दवाएं भी मिलेंगी। इसमें मुख्य रूप से डायबिटीज और कैंसर में उपयोगी आयुर्वेदिक दवाएं भी शामिल रहेंगी, जो बाजार से कम दामों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। अब तक एलौपैथिक जन-औषधि केन्द्रों पर अंग्रेजी दवा ही मिल पाती है। यहां आयुर्वेद की दवाएं बिकना शुरू हो जाएंगी तो इससे आयुर्वेद का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि लोगों का रुझान आयुर्वेद की ओर बढ़ रहा है। आयुर्वेद अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। खास बात यह है कि अब इन अस्पतालों को भी सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है, जहां गंभीर बीमारियों का इलाज हो रहा है। ये दवाएं चुनिंदा दुकानों पर ही मिलती हैं। इस कारण दवा वितरण के काम को विस्तृत रूप दिया जा रहा है। आयुर्वेद पीजी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.राकेश पांडेय ने बताया कि राजधानी समेत पूरे प्रदेश में एलौपैथिक जन-औषधि केन्द्रों पर आयुर्वेद की जेनरिक दवाएं जल्द मिलेंगी। इनमें डायबिटीज और कैंसर जैसे रोगों की दवाएं भी शामिल हैं। खास बात यह है कि ये दवाएं बाजार से सस्ते दाम पर मुहैया कराई जाएंगी।
Advertisement